खारास्रोत मार्ग पर विद्युत पोल के कारण फंसी स्कूल बस।
- फोटो : RISHIKESH
नए खारास्त्रोत पुल के निर्माण की कवायद शुरू होने पर हल्के वाहनों को खारास्त्रोत नदी से भेजा जा रहा है। बीच रास्ते में लगे विद्युत पोल के कारण यहां लगातार जाम की समस्या बन रही है। पुल निर्माण के पहले ही दिन यहां एक स्कूल बस इस पोल के कारण फंस गई। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने जाम खुलवाया।
विदित है कि छह दशक पहले खारास्त्रोत नदी पर लोक निर्माण विभाग ने 18 मीटर लंबा और छह मीटर चौड़ा पुल बनाया था। तब से इस पर हल्के और भारी वाहनों का आवागमन बना हुआ था। वर्तमान हालातों को देखते हुए पुल काफी क्षतिग्रस्त हो चुका था। बढ़ते हुए ट्रैफिक को देखते हुए एनएच विभाग ने खाराश्रोत नदी के ऊपर इसी जगह पर एक करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से नया डबल लेन पुल बनाया जाना प्रस्तावित है। इसकी लंबाई 24 मीटर और चौड़ाई 11 मीटर होगी। इसकी भार वहन क्षमता 96 टन प्रति स्क्वायर मीटर होगी। शनिवार को नए खारास्त्रोत पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन पुल पर जेसीबी और पोकलैंड की सहायता पुल से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान हल्के वाहनों की आवाजाही खारास्त्रोत नदी से शुरू की गई। मगर नदी पार करने के बाद बीच खाराश्रोत मार्ग में लगे विद्युत पोल के कारण स्कूूल वाहन बीच में ही फंस गया था।
यात्रा सीजन में चरमराएगी ट्रैफिक व्यवस्था
ऋषिकेेश। खाराश्रोत में शनिवार को लगे जाम को देखते हुए यात्रा सीजन में यहां ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना मुनिकीरेती पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा। गौरतलब है कि ऋषिकेश में पार्किंग व्यवस्था न होने से सीजन के दौरान वाहनों का सारा दबाव मुनिकीरेती क्षेत्र में बढ़ जाता है। इससे यहां इस दौरान जाम की समस्या बनी रहती है। वर्तमान मेें खाराश्रोत नदी में नए पुल का निर्माण कार्य भी शुरु हो गया है। इस कारण खाराश्रोत नदी में खड़े होने वाले राफ्टिंग वाहनों को भी खड़े करने की समस्या पैैदा होना स्वाभाविक है।
जाम की समस्या को देखते हुए खारास्रोत मार्ग पर स्थित विद्युत पोल को हटवा दिया गया है। एनएच अधिकारियों ने अप्रैल तक पुल का कार्य पूरा कर लेने की उम्मीद जताई है। लिहाजा सीजन में यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस तैयार है। आरके सकलानी, थानाध्यक्ष, मुनिकीरेती