नगर पालिका मुनि की रेती-ढालवाला ने स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम के तहत निकाय क्षेत्र के दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ विक्रेताओं को निशुल्क कूड़ेदान वितरित किए। इस दौरान सभी से कूड़ा खुले में नहीं डालने की अपील करते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगर पालिका मुनि की रेती-ढालवाला की ओर से स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता की थीम पर 15 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसके तहत रोजाना स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए श्रंखलाबद्ध तरीके से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रह हैं।
रविवार को कार्यक्रम के 15वें दिन निकाय क्षेत्र को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ विक्रेताओं के साथ एक बैठक की गई। जिसमें सभी से खुले में कूड़ा नहीं डालने की अपील की गई और कूड़ा केवल कूड़ा वाहनों में ही डालने के प्रति जागरूक किया गया। जिसके बाद 107 दुकानदार व रेहड़ी-फड़ विक्रेताओं को नीले व हरे रंग के कूड़ेदान वितरित किए गए। साथ ही नीले कूड़ेदान में सूखा और हरे कूड़ेदान में गीला कूड़ा डालने के विषय में बताया गया। इस मौके पर सुपरवाइजर जितेंद्र सजवाण, राजू, स्वच्छ सर्वेक्षण सदस्य मनीष भट्ट, अंकित जगूड़ी, वैशाली रावत, रेश्मा, सूरज बलूनी, धर्मेंद्र, जितेंद्र यादव, भगवान दास आदि मौजूद रहे।