धूमधाम से निकाली गई शोभायात्रा
श्रद्धालुओं ने खींची प्रभु के रथ की पवित्र रस्सी
सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। इस्कॉन की पहल पर शहर क्षेत्र में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथ की रस्सी खींची और सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
रथ यात्रा वीरभद्र मार्ग स्थित झूलेलाल मंदिर से शुरू होकर कोयल घाटी मार्ग, हरिद्वार रोड, तिलक रोड, हीरालाल मार्ग गंगा नगर होते हुए आवास विकास स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर रथ यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं एवं युवतियों ने हरिनाम संकीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। मृदंग और झांझ की मधुर धुनों के बीच निकली रथ यात्रा से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते रहे। इस अवसर पर उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, मेयर शंभू पासवान, अजय कथूरिया, प्रेम चंदानी, अंशु आहूजा, राजीव आहूजा, रमेश, रंजना कुकरेजा, अशोक पासवान, रामकुमार संगर, कपिल गुप्ता आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।