- जनप्रतिनिधियों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश में मुख्यमंत्री धामी को सौंपा मांगपत्र
ऋषिकेश। तीर्थनगरी में सार्वजनिक खेल मैदान, स्टेडियम और पार्क निर्माण की मांग एक बार फिर उठी है। बीते मंगलवार को चंद्रेश्वर नगर में आयोजित रजत जयंती कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पूर्व पार्षद शिव कुमार गौतम के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांगपत्र सौंपा मांगपत्र में कहा गया कि शहर में बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने और युवाओं के व्यायाम के लिए कोई सार्वजनिक मैदान, स्टेडियम या पार्क उपलब्ध नहीं है। वहीं, शहर की विभिन्न धर्मशालाओं और धार्मिक ट्रस्टों के पास लीज व स्वयं की कई एकड़ भूमि खाली पड़ी है, जिसका उपयोग नहीं हो रहा और धीरे-धीरे उस पर अतिक्रमण व खुर्द-बुर्द होने का खतरा है।जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से धार्मिक ट्रस्टों से वार्ता कर समाजहित में भूमि उपलब्ध कराने और उस पर स्टेडियम व पार्क निर्माण कराने की मांग की। उनका कहना है कि इससे स्थानीय बच्चों, बुजुर्गों और नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ ही खेल प्रतिभाओं को भी बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
- शहर के कई होनहार युवा बिना उचित संसाधनों के भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा बिखेर चुके हैं। यदि अत्याधुनिक स्टेडियम की सौगात मिलती है तो इन्हें उचित मंच और लाभ मिलेगा। - शिवकुमार गौतम, पूर्व भाजपा पार्षद।
- शहर में स्टेडियम निर्माण के लिए सबसे उचित भूमि गोविंद नगर कूड़ा मैदान है। जहा से कूड़ा हटाकर शहर के बीचोंबीच अत्याधुनिक स्टेडियम बनाया जा सकता है। - अरविंद हटवाल, स्थानीय नागरिक।
- शहर में स्टेडियम की कमी के चलते युवा पीजी कॉलेज और भरत मंदिर इंटर कॉलेज में अभ्यास करने को मजबूर हैं, जहां उन्हें पर्याप्त संसाधन नहीं मिलते। वहीं, सुबह-शाम टहलने वाले लोगों के लिए भी पार्क न होने से सड़क किनारे चलना मजबूरी है। - संतोष पांडे, स्थानीय नागरिक।