कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रेश्वर नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। प्रथम दृष्टया कोतवाली पुलिस आत्महत्या मान रही है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि धर्मवीर (55) पुत्र रामभरोसे अपने परिवार के साथ धोबीघाट चंदेश्वरनगर में रहता था। बीते रविवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। सोमवार सुबह परिजनों ने उसे उठाने के लिए आवाज दी, लेकिन कमरे से कोई आवाज नहीं आई। परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो धर्मवीर पंखे पर बंधे फंदे से लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। बताया की कमरे से सुसाइड नोट भी मिला। इसमें आठ लोगों को आत्महत्या के लिए दोषी ठहराया है। रितेश शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा। मामले की जांच शुरू कर दी गई। साथ ही परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।