हौसला बुलंद भू माफिया ने भट्टोंवाला में रातों रात वन भूमि पर प्लाटिंग कर दी। हैरत की बात यह कि प्रशासन और वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। क्षेत्र के जागरूक लोगों ने शिकायत की तब जाकर जिम्मेदार हरकत में आए। हालांकि देर शाम तक मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
ग्राम पंचायत भट्टोंवाला के टोंगिया प्लांटेशन में बंगाला नाला के समीप वन विभाग की कई बीघा भूमि है। बताया जा रहा है यह भूमि ग्रामीणों को काश्तकारी के लिए दी गई थी। लेकिन पिछले कई सालों से काश्तकारी नहीं होने से भूमि बंजर पड़ी है। इस बीच जिम्मेदार विभाग ने भी भूमि की सुध नहीं ली।
इसका फायदा उठाकर क्षेत्र में सक्रिय भू माफियाओं ने सरकारी भूमि पर ही प्लाटिंग कर डाली। बताया जा रहा है कि एक दो प्लॉट बेच भी दिए गए। सरकारी भूमि के खुर्द बुर्द होने की भनक क्षेत्र के जागरूक लोगों को लगी तो उन्होंने प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
क्षेत्रवासी विजयपाल सिंह रावत, देवी प्रसाद व्यास, डॉ. अशोक योगी और कृपाल सिंह रावत ने बताया कि बंगाला नाले के समीप पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भूमाफिया स्थानीय लोगों के संरक्षण में सरकारी भूमि पर अनधिकृत कब्जा कर रहे हैं। खेल मैदान के लिए प्रस्तावित भूमि को प्लाटिंग कर बेचा जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
भट्टोंवाला टोंगिया प्लांटेशन में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली है। जांच पड़ताल में भूमि वन विभाग की निकली। संबंधित विभागीय अधिकारी को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।-केडी जोशी, तहसीलदार
दून में विभागीय बैठक में व्यस्तता के चलते मौके पर स्टाफ को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। रविवार को स्वयं मौके पर जाकर जांच करेंगे। सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराकर कब्जा धारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-गंगा सागर नौटियाल, वनक्षेत्राधिकारी, ऋषिकेश रेंज