गांव पतरातपुर की बीडीसी महिला सदस्य के पति ने शनिवार की रात थाने में
तहरीर देकर पत्नी के अपहरण का आरोप लगाया है, जबकि बीडीसी सदस्य ने इस बात
से इनकार किया है। इस प्रकरण में थाना गेट पर तिलहर विधायक रोशन लाल वर्मा
और ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी अजय यादव में जमकर नोकझोंक भी हुई। एसो रजी अहमद
ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए जांच करने की बात कही है।
गांव
पतराजपुर निवासी कन्हई ने थाने में दी तहरीर में बताया उनकी पत्नी कांती
देवी बीडीसी सदस्य हैं। शाम को गांव बनासदेवी के तीन व्यक्ति चार पहिया
वाहन से उनके घर पर आए और पत्नी से साथ चलने को कहने लगे। विरोध करने पर
तीनों ने जबरन उनकी पत्नी को गाड़ी में डाल लिया और अपहरण कर ले गए। बीडीसी
सदस्य के अपहरण की खबर फैलते ही नेताओं की भीड़ थाना गेट पर इकट्ठी हो गई।
विधायक रोशन लाल वर्मा ने ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी अजय यादव पर अपहरण का
आरोप लगाया, लेकिन अजय यादव ने कहा कि सदस्य अपनी मर्जी से उनके घर गई है।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई। मामले की गंभीरता को देखते
हुए पुलिस टीम ने महिला बीडीसी सदस्य की तलाश शुरू कर दी। उधर, बीडीसी
सदस्य कांती देवी ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि उनका अपहरण नहीं किया
गया। वह अपनी मर्जी से उन लोगों के साथ आई हैं।