टिहरी पुलिस प्रशासन तीर्थ क्षेत्र मुनिकीरेती और तपोवन में यातायात अव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा। पुलिस की लापरवाही के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों को पार्क किया जा रहा है। अनधिकृत पार्किंग जाम का कारण बन रहा है। लेकिन महकमा अव्यवस्था से पीठ फेरे बैठा है।
अर्द्धकुंभ मेला काल में तक पुलिस तीर्थ क्षेत्र की सड़कों को अनधिकृत रूप से पार्क वाहनों से मुक्त नहीं करा पा रही है। हाईवे पर कैलास गेट से तपोवन सराय तक और आनंद धाम से लक्ष्मण चौक तपोवन तल्ला तक सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से जाम लग रहा है। जाम के कारण क्षेत्र में घूमने आ रहे पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों को भी परेशानी हो रही है।
लेकिन थाना मुनिकीरेती पुलिस समस्या का समाधान करने की बजाए उदासीन बनी हुई है। गौर करने वाली बात यह है कि क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग होने के बावजूद पुलिस वाहनों को सड़कों से हटाकर पार्किंग तक नहीं पहुंचा पा रही है।
तपोवन क्षेत्र में प्राचीन लक्ष्मण मंदिर के समीप दो निजी पार्किंग है। लेकिन निजी वाहनों से यात्रा करने वाले लोग अपने वाहनों को पार्किंग की बजाए भीड़ भाड़ भरे मुख्य मार्ग पर आड़े-तिरछे खड़े कर रहे हैं। जिन्हें रोकने वाला पुलिस का एक भी जवान तैनात नहीं है। ऐसे में क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। लेकिन जिम्मेदार महकमा तमाशबीन बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते यात्री, पर्यटक और स्थानीय लोगों को क्षेत्र में जाम से परेशान होना पड़ता है।
लक्ष्मण चौक पर सीजन के समय वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाता। चौक पर सब स्थानीय व्यापारियों के वाहन ही खड़े होते हैं। फिर भी मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े हो रहे वाहनों को जल्द ही चौकी इंचार्ज को निर्देशित कर हटाया जाएगा।-चंदन सिंह बिष्ट, प्रभारी थाना मुनिकीरेती