बाइक सवार युवकों का रास्ता रोकने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। कोतवाली में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कार्रवाई की मांग को हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
घटनाक्रम के मुताबिक बृहस्पतिवार रात हरिद्वार रोड पर आवास विकास निवासी सुनील कुमार अपने कई साथियों के साथ बड़ी सब्जी मंडी के सामने खड़ा था। वीरभद्र की ओर से आए बाइक सवार रवि, राहुल का आरोप है कि सुनील ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोका और मारपीट की। उधर, सुनील का आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने उससे अभद्रता के बाद मारपीट की।
बताया गया है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लात घूसें चले। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह झगड़ा शांत कराया। राहुल, सुनील और रवि का सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। शुक्रवार सुबह मामले ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में हंगामा किया। कोतवाली प्रभारी नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि दोनों पक्षों को तहरीर देने के लिए कहा गया है। तहरीर मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी।