ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश। दिल्ली से ऋषिकेश आ रहे एक युवक को जहरखुरानी गिरोह ने चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लिया। पीड़ित युवक को जब होश आया तो उसने स्वयं को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश के ट्रामा सेंटर में पाया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को शीशपाल पुत्र संघर्ष निवासी छौलगांव भटकोट टिहरी दिल्ली से ऋषिकेश अपने गांव जाने के लिए बस से आ रहा था। इस दौरान दिल्ली से ही एक युवक उनके बगल वाली सीट पर बैठ गया और हरिद्वार जाने की बात कहने लगा। इस दौरान मेरठ के पास शीशपाल ने उन्हें खाने के लिए चिप्स का पैकेट दिया तो अन्य युवक ने उन्हें चाय पिलाई। शीशपाल के मुताबिक चाय पीने के बाद उन्हें होश नहीं रहा। होश आने पर उन्होंने स्वयं को राजकीय चिकित्सालय के ट्रामा वार्ड में पाया। उन्होंने बताया कि लुटेरे उसके 10 हजार रुपये व बैग ले गए हैं। इस संबंध देर शाम तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।