ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। घरेलू गैस की घटतौली करते दो लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया है। मामले में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की शिकायत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी केएस शाह को सूचना मिली कि भरत मंदिर इंटर कॉलेज के समीप एक होटल के पास घरेलू गैस की घटतौली और रिफिलिंग हो रही है। मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पहुंचे और 37 घरेलू गैस सिलिंडर मिले जिसमें से 23 में घटतौली पाई गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक स्थानीय पंकज गुप्ता की शिकायत पर छापेमारी की गई। पूछताछ में पता चला कि सभी गैस सिलिंडर अंकुर गैस एजेंसी की गाड़ी पर सिलिंडर लाकर गैस रिफिलिंग कर रहे थे। इस मामले में सोमेश पुत्र बालकराम निवासी राजीवग्राम ढालवाला, नन्हे पुत्र बालकराम निवासी ढालवाला पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से वाहन चालक सोमेश मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।
ये सामान हुआ बरामद
छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से छोटा हाथी, 37 घरेलू गैस सिलिंडर, बाट माप, वाहन चालक हॉकर का आधार कार्ड, रिफिलिंग यंत्र बरामद किया है।