ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। बच्चों के झगड़े में दो पक्षों का आपसी विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दो चचेरे भाइयों को लात घूंसों से पीट कर लहूलुहान कर दिया। गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के अनुसार खदरी श्यामपुर निवासी संदीप पुत्र मोहन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शाम के समय परिवार के बच्चे मोहल्ले में खेल रहे थे। इस दौरान बच्चे आपस में झगड़ने लगे। बच्चों को अलग-अलग करने के दौरान पास में ही रहने वाले कुछ लोगों से बहस हो गई।
आरोप लगाया कि सुभाष कुलियाल, देवी, पूजा व तीन अज्ञात युवक उसके साथ खड़े चचेरे भाई कमल के साथ गाली गलौज पर उतर आए। विरोध करने पर सभी ने दोनों भाइयों को लात घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। किसी तरह दोनों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। बताया कि घटना के बाद से उनके परिवार में दहशत का माहौल है। वह अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं। उन्हें हमलावरों से जान-माल का डर सता रहा है। पीड़ितों ने तहरीर में पुलिस से सुरक्षा के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई मनोज नैनवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद व तीन अज्ञातों के खिलाफ मारपीट गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी।