ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। देहरादून-हरिद्वार हाईवे किनारे सो रहे ट्रक चालक को किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना देर रात हरिद्वार देहरादून हाईवे पर एक ढाबे के समीप हुई। घटनाक्रम के अनुसार इकराम 32 पुत्र रफीक धनपुरा, पथरी, हरिद्वार लक्सर से देहरादून ट्रक में सीमेंट भरकर लाया था। रात अधिक हो जाने पर वह हरिद्वार नुन्नावाला हाईवे के पास ढाबे के सामने ट्रक पार्क कर सो गया।
रात में दूसरे वाहनों के चले जाने के बाद इकराम सड़क के एक ओर सोता रह गया। अज्ञात वाहन ने रात में सोते हुए कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह मार्निंग वॉक करने वालों को मृत स्थिति में लोगों को दिखाई दिया तो पुलिस को सूचना दी। जौलीग्रांट पुलिस चौकी प्रभारी महावीर सिंह रावत ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद सूचना परिजनों को दे दी गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश करने के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।