ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तपोवन हाईवे पर एक खोखे के सामने अवैध रूप से दरवाजा निकालने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि बीते बुधवार रात्रि करीब 11 बजे क्रिया योग आश्रम की दीवार से लगे एक खोखे को हटाने के लिए एनएच की टीम पहुंची। खोखा करीब एक साल से बंद था, जिसकी सूचना मिलने पर खोखा स्वामी रविंद्र भंडारी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे।
इस दौरान ग्रामीणों ने देखा कि क्रिया योग आश्रम ने खोखे के पीछे अपनी दीवार को तोड़कर दरवाजा निकाला हुआ। जिसका खोखा स्वामी रविंद्र भंडारी ने आश्रम संचालकों के समक्ष विरोध जताया। इस पर आश्रम में रहने वाले आश्रम संचालक महाराज के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल स्थिति पर नियंत्रण किया। झगड़े में खोखा मालिक रविंद्र भंडारी घायल हो गए।
108 सेवा से सरकारी अस्पताल भर्ती कराया गया। गंभीर चोटें आने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें एम्स रेफर किया। खोखा मालिक रविंद्र भंडारी की पत्नी श्वेता भंडारी ने आश्रम प्रबंधक शंकरानंद शिष्य सूरज समेत 5 अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी। आश्रम की ओर से स्वामी सर्वगुणा नंद ने पुलिस को रविंद्र भंडारी समेत 25 अन्य अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर दी। बताया कि दोनों के मामलों को दर्ज कर पुलिस जांच की जा रही है। खोखा एनएच अधिकारी मृत्युंजय शर्मा के नेतृत्व में हटाया जा रहा था।