ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। बीटीसी में फोटोमैट्रिक पंजीकरण कराने को लेकर बृहस्पतिवार को विवाद हो गया। पहले पंजीकरण कराने के लिए यात्रियों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने टीम ने दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शांत कराया। गर्मी बढ़ने के साथ ही दिन-ब-दिन चार धाम जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है, जिससे फोटोमैट्रिक पंजीकरण काउंटर पर प्रतिदिन बढ़ी संख्या में यात्री उमड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी बीटीसी में स्थित फोटोमैट्रिक काउंटर पर पंजीकरण कराने के लिए यात्रियों की भीड़ लाईनों में खड़ी थी।
काउंटर नंबर 1 और 2 में लातूर, महाराष्ट्र से आए यात्री लाईनों में खड़े थे। अचानक जयपुर, राजस्थान के कुछ यात्री काउंटर के पीछे से आए और लाइन में घुसकर पंजीकरण कराने लगे। जिसका लाइन में खड़ी जयपुर, राजस्थान की कुछ महिलाओं ने विरोध जताया। जिस पर लाईन में लगी महिलाओं से लातूर से आए यात्री हाथापाई पर उतारू हो गए। दोनों तरफ से धक्का-मुक्की होने लगी। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई और यात्रियों को अलग कर पंजीकरण के लिए लाइन में लगाया।