ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। कोर्ट से स्टे होने के बावजूद लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्थित विवादित जमीन पर निर्माण कराने की सूचना एसडीएम और संबंधित पुलिस थाने पर दर्ज कराई गई है। सोमवार को वेद प्रकाश अरोड़ा ने एसडीएम कोटद्वार तथा थाना लक्ष्मणझूला में शिकायत की। बताया कि उनके गुरु का यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्वर्गाश्रम लक्ष्मणझूला मार्ग पर लक्ष्मीनारायण भगवान मंदिर नाम से आश्रम है।
उक्त संपत्ति के एक हिस्से पर एक व्यक्ति अवैध निर्माण करवा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संपत्ति पर उनके गुरू महंत हरिचरण दास ने वर्ष 2008 में कोर्ट से स्टे आर्डर लिया था। इस कारण यहां निर्माण की अनुमति नहीं है। महंत हरिचरण दास निर्माण कार्य के दौरान प्रयाग राज कुंभ में शामिल होने गए थे। कब्जे की सूचना मिलने के बाद वे फौरन वापस आए और लक्ष्मण झूला थाने पर शिकायत दर्ज कराई।
कोट्स
एसडीएम के आदेश के बाद निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है। इस संपत्ति पर न्यायालय की ओर से अग्रिम आदेश जारी होने तक दोनों पक्षों को निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- महेश्वर प्रसाद पूर्वाल, थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला