विधानसभा में दिए बयान पर वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने पूरे प्रकरण के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कांग्रेस दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अपना पक्ष पार्टी अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के सामने भी रखा है।
रविवार शाम स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने साईं घाट पर पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि कुछ लोग अपने निहित स्वार्थ के लिए दुष्प्रचार में लगे हुए हैं, जिसमें कांग्रेस शामिल है, जो लगातार चार बार से चुनाव में हार रही है। अभी इस निकाय चुनाव में बुरी तरह हारी है। वो अपनी हार नहीं पचा पा रहे हैं।
मंत्री प्रेमचंद ने कहा कि यदि यह दुष्प्रचार समाप्त हो सकता है ताे मैं उनके चरणों में लोट कर माफी मांगने को तैयार हूं। कहा कि आप दुष्प्रचार करना छोड़िए। समाज को बांटना छोड़िए। प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने एक वीडियो देखा जिसमें कांग्रेस के विधायक हरीश धामी गाली दे रहे हैं। कहा कि कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट जिनसे संबंधित विषय था, वह स्वयं कह रहे हैं कि मेरे सामने कोई बात नहीं हुई, मेरे सामने किसी ने कुछ नहीं कहा। तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि फिर कहां से ये दुष्प्रचार शुरू हुआ।
-
आंदोलन के दौरान की अपनी फोटो दिखाई
मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मैं एक आंदोलनकारी रहा हूं। मैं उत्तराखंड बनने से पूर्व भी यहीं था और पैदा भी यहीं हुआ हूं। मेरे संघर्ष की बहुत लंबी गाथा है। उत्तराखंड आंदोलनकारी रहा हूं। मंत्री प्रेमचंद ने अपनी एक फोटो भी दिखाई, जिसमें वह पुलिस से घिरे हुए हैं और पुलिस उन पर लाठी भांज रही है। कहा कि उत्तराखंड आंदोलन में वह अपनी जान की परवाह न करते हुए पुलिस की लाठियां खाते रहे और आंदोलन में सबसे आगे रहे।
-
मां गंगा से लगाई न्याय की गुहार
पत्रकार वार्ता से पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने मां गंगा से न्याय की गुहार लगाई। कहा कि मां मैं तेरे चरणों में आया हूं। जो लोग निहित स्वार्थों के लिए मुझे निशाना बनाते हुए विकास को बाधित करने का काम कर रहे हैं या अपने स्वार्थ के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं। मां तू उनका भी कल्याण कर और मुझे भी न्याय दे। कहा कि गंगा मेरी मां है और मैं गंगा का बेटा हूं। हमेशा गंगा की कृपा मुझ पर बनी रहती है।