मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में एम्स, ऋषिकेश के सीएफएम विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार की कोरोना से बचाव एक सजग पहल’ नामक पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में कोरोना से बचाव और उपचार संबंधी जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने हिंदी में लिखी इस पुस्तक की काफी सराहना की। सीएम ने प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी विद्यालयों और ग्राम पंचायतों में इस पुस्तक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक कोविड महामारी के समय काफी उपयोगी साबित होगी। एम्स के डीन एकेडमिक्स प्रोफेसर मनोज गुप्ता और कम्युनिटी एवं फेमिली मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रोफेसर वर्तिका सक्सेना ने कोविड से जुड़ी पुस्तक के सफल प्रकाशन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। विमोचन के अवसर पर पूर्व काबीना मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी, डॉ. राखी मिश्रा, संदीप कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।