हरिद्वार बाईपास मार्ग पर खांड गांव के पास बेकाबू डंपर की टक्कर से कार सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। घटनाक्रम के मुताबिक बुधवार रात माया मार्केट, गुमानीवाला निवासी गंगा प्रसाद जुयाल (35) पुत्र गुरु प्रसाद नटराज चौक स्थित बैंक एटीएम में रुपये निकालने गया था।
रुपये निकालने के बाद रात करीब एक बजे कार से घर लौट रहा था। हरिद्वार बाईपास मार्ग पर एआरटीओ से आगे खांड गांव के पास सामने से आ रहे एक डंपर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार का अगला भाग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त और उसमें सवार गंगा प्रसाद जुयाल गंभीर घायल हो गया।
सूचना पर 108 आपातकालीन सेवा ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रशिक्षु पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय सिंह ने बताया कि गंगा प्रसाद जुयाल मूलरूप से जनवाल गांव, प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल का रहने वाला था। यहां पंडिताई का कार्य करता था। हादसे के बाद डंपर कब्जे में और चालक को हिरासत में ले लिया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।