अब एम्स में पीईटी सीटी मशीन (पॉजिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी और कंप्यूटेड टोमोग्राफी) से कैंसर रोग की जांच व उपचार हो सकेगा। एम्स प्रशासन ने अत्याधुनिक मशीन की खरीद कर ली है। मार्च माह से मशीन अपना कार्य शुरू कर देगी। इससे कैंसर के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
संस्थान के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग को कैंसर रोग की पहचान व उपचार में काम आने वाली अत्याधुनिक पीईटी सीटी मशीन उपलब्ध हो गई है। अभी तक यहां कैंसर रोगियों की जांच के लिए एमआरआई व सीटी स्कैन का सहारा लिया जाता है।
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार एमआरआई व सीटी स्कैन की जांच में 40 से 45 फीसदी मरीजों में प्रारंभिक चरण में कैंसर का पता नहीं लग पाता है। जबकि पीईटी सीटी मशीन प्रारंभिक चरण में कैंसर का पता लगाने में महत्वपूर्ण साबित होता है। पीईटी मशीन से एमआरआई की अपेक्षा कैंसर की जांच व पहचान जल्दी होती है। साथ ही यह मशीन उपचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
-
नवंबर 2023 में मिली थी मशीन खरीद की अनुमति
एम्स ऋषिकेश को पीईटी सीटी मशीन खरीदने और लगाने की अनुमति परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड मुंबई से नवंबर 2023 में मिली थी। पीईटी सीटी मशीन से कैंसर के रोगियों की जांच व उपचार करने वाला एम्स उत्तराखंड का पहला सरकारी चिकित्सा संस्थान होगा।
-
केवल कैंसर प्रभावित अंग पर ही डालता है प्रभाव
यह मशीन कैंसर के उपचार में बहुत लाभदायक है। मशीन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह मशीन उपचार के दौरान केवल उसी कोशिका को टारगेट करती है, जो कैंसर से प्रभावित है। अन्य अंगों या कोशिकाओं पर यह कोई प्रभाव नहीं डालती है। जिससे इसके दुष्परिणाम नहीं होते हैं। जबकि कैंसर के अन्य उपचार विधियों में कैंसर प्रभवित अंगों के साथ ही अन्य अंगों या कोशिकाएं उपचार के दौरान प्रभावित होती हैं।
-
- पीईटी मशीन खरीद ली गई है, इसे लगाने की प्रक्रिया गतिमान है। प्रयास किया जा रहा है कि मार्च माह से मशीन की सुविधा मरीजों को मिलनी शुरू हो जाए। प्राे. मनीषी एल नारायण, विभागाध्यक्ष, न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग एम्स