ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
नगर निगम के वार्ड संख्या तीन के उपचुनाव में भाजपा की प्रियंका यादव ने 356 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 923 मत हासिल हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की श्यामा राजभर को 567 वोट से ही संतोष करना पड़ा। निर्वाचन आयोग की ओर से प्रियंका को प्रमाण पत्र दिया गया। आठ मतदाताओं ने किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में वोट न कर नोटा पर मुहर लगाई।
उपचुनाव के तहत बीते सोमवार को हुए मतदान का परिणाम बुधवार को घोषित किया गया। तहसील परिसर में बने स्ट्रांग रूम में बुधवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई, जो कि पूर्वाह्न 11 बजे समाप्त हो गई। सहायक निर्वाचन अधिकारी आरसी कैलखुरा ने बताया कि मतगणना में भाजपा की प्रियंका यादव दोनों बूथों पर आगे रहीं।
ि
इस तरह बनी उपचुनाव की भूमिका
नगर निगम के वार्ड संख्या तीन में कांग्रेस की रीना गुप्ता भाजपा की प्रियंका यादव को पराजित कर पार्षद निर्वाचित घोषित हुई थी। मगर, भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने पार्षद रीना गुप्ता के जाति प्रमाण पत्र पर सवाल उठाते हुए इसकी शिकायत शहरी विकास विभाग को की थी। विभाग ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू की तो शिकायत सत्य पाई गई। इसके बाद सचिव शहरी विकास शैलेश बगौली ने कांग्रेस की पार्षद रीना गुप्ता का निर्वाचन निरस्त कर दिया था। इसके बाद आठ जुलाई की तिथि उपचुनाव के लिए घोषित की गई थी।
इस बूथ पर मिले इतने मत
प्रत्याशी---बूथ संख्या एक---बूथ संख्या दो---योग
प्रियंका यादव---509---414---923
श्यामा राजभर---202---365---567
नोटा---04---04---08
रद्द मत---16---21---37
कुल---731---804---1535
पार्षद ने समर्थकों के साथ निकाला विजय जुलूस
ऋषिकेश। तहसील परिसर में दोनों ही पार्टियों के समर्थकों ने सुबह से डेरा डाला हुआ था। मतगणना शुरू होते ही परिणाम की स्थिति स्पष्ट होने लगी और एक-एक कर कांग्रेस कार्यकर्ता वहां से निकलते रहे। इसके बाद तहसील परिसर भगवा रंग से पटा नजर आया। ठीक 11 बजे विजयी प्रत्याशी प्रियंका यादव की घोषणा हुई। इसके बाद प्रशंसकों ने पार्टी और प्रियंका के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। यहां से मेयर अनिता ममगाईं और समर्थकों के साथ निर्वाचित पार्षद प्रियंका का विजय जुलूस तहसील चौक, प्रगति विहार, रेलवे रोड, हीरालाल मार्ग, हरिद्वार मार्ग होते हुए चंद्रेश्वर नगर स्थित दुर्गा मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुआ।
मेयर ने दी जीत पर बधाई
ऋषिकेश। मेयर अनिता ममगाईं ने वार्ड संख्या तीन से विजयी भाजपा उम्मीदवार प्रियंका यादव को जीत की बधाई दी। उन्होंने चंद्रेश्वर नगर की जनता को भी धन्यवाद दिया। कहा कि वार्ड की जनता ने उनके कार्य पर मुहर लगाकर भाजपा उम्मीदवार को विजयी बनाया।
उपचुनाव में विजयी होने के बाद पार्षद प्रियंका यादव के साथ विजय जुलूस निकालते कार्यकर्ता।- फोटो : RISHIKESH