आंबेडकर चौक पर डॉ. बीआर अंबेडकर की मूर्ति को लेकर बातचीत करते थानाध्याक्ष एवं एमएनए।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। अंबेडकर चौक लगी बाबा साहेब डॉ.बीआर आंबेडकर की फाइबर की प्रतिमा की जगह अब मार्बल की प्रतिमा लगाई जाएगी। नगर निगम सभागार में अनुसूचित समाज के प्रतिनिधियों और नगर निगम प्रशासन के मध्य हुई बैठक में इस बात पर सहमति बनीं। मेयर ने भी मार्बल की प्रतिमा लगाने पर सहमति जताई है।
12 अगस्त की रात को करीब 10 बजे असामाजिक तत्वों ने अंबेडकर चौक पर बनीं बाबा साहेब डॉ.बीआर अंबेडकर की फाइबर की प्रतिमा से संविधान की पुस्तक चोरी कर दी थी। मंगलवार सुबह निगम की ओर से संविधान की दूसरी पुस्तक को लाकर चोरी हुई पुस्तक की जगह लगाने की कोशिश की गई थी। जिसका समाज के लोगों ने विरोध किया। उसके बाद थानाध्यक्ष रितेश शाह ने मौके पर मुख्य नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल से बात की। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों के साथ भी बातचीत की। उसके बाद दोपहर एक बजे मुख्य नगर आयुक्त और मेयर अनिता ममगाईं ने समाज के लोगों के साथ बैठक की। एमएनए एनएस क्वीरियाल ने बताया कि बैठक में अनुसूचित जाति के लोगों का कहना था कि बाबा साहेब डॉ.बीआर आंबेडकर की फाइबर की प्रतिमा से संविधान की पुस्तक चोरी करने वाले और इस साजिश को रचने वाले को जल्द ही गिरफ्तार किया जाए। बैठक में यह सहमति बनीं कि अंबेडकर चौक पर फाइबर की प्रतिमा की जगह मार्बल की प्रतिमा लगाई जाएगी। अंबेडकर चौक वाली प्रतिमा पर संविधान की पुस्तक लगाकर उसे बापूग्राम स्थित नगर निगम कैंप कार्यालय में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेयर ने भी सहमति दे दी है।
एसडीएम को दिया ज्ञापन
ऋषिकेश।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश संयोजक नंदकिशोर जाटव की ओर से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि बाबा साहेब डॉ.बीआर अंबेडकर की प्रतिमा से संविधान की पुस्तक चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जाएं। कहा कि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई न होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन को मजबूर होंगे।
ज्ञापन में सूरजपाल जाटव, रुकम सिंह, शुभम सिंघल, आकाश जाटव, भारत जाटव, मनोज जाटव, आदेश जाटव आदि के हस्ताक्षर हैं।
--------------------