राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की गोहरी रेंज अंतर्गत कुनांऊ चौड़ में पार्क प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जेसीबी की मदद से चले अभियान के तहत पार्क की टीम ने एक वन गुर्जर परिवार की झोपड़ी ध्वस्त कर दी। साथ ही वन गुर्जरों को भविष्य में पार्क क्षेत्र में अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
पीड़ित वन गुर्जर हुसन बीबी पत्नी अद्रीश ने बताया कि सोमवार शाम पार्क प्रशासन की टीम अचानक जेसीबी लेकर पहुंची और उनकी झोपड़ी को तोड़ दिया। उनका आरोप है कि उनका परिवार 1972 से वन क्षेत्र में निवास कर रहा है। अचानक कार्रवाई से परिवार बेघर हो गया है।
वन गुर्जर समुदाय का दावा है कि वे पीढ़ियों से जंगलों में रह रहे हैं और वन अधिकार कानून के तहत उनके अधिकार सुरक्षित हैं। गोहरी रेंज अधिकारी राजेश चंद्र जोशी ने बताया कि पार्क की टीम ने जेसीबी की मदद से नए अतिक्रमण को हटाया है। उन्होंने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व संरक्षित क्षेत्र है। यहां किसी भी तरह का नया निर्माण या अतिक्रमण वन्यजीव अधिनियम के तहत अवैध है। टीम ने वन गुर्जरों को चेतावनी दी है कि भविष्य में पार्क क्षेत्र में अतिक्रमण न करें।