21 लक्ष्मणझूला रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते टाईगर पावस होटल एंड डेवलापर्स प्राई
- फोटो : RISHIKESH
टाइगर पावस होटल एंड डेवलेपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक इंद्रजीत सिंह ने एक बड़े होटल प्रबंधन पर एनजीटी के आदेशों की अवेहलना और स्थानीय लोगों की भूमि पर कब्जे का आरोप लगाया है। निदेशक का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस को शिकायत के बावजूद भी होटल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बुधवार को टाइगर पावस होटल एंड डेवलेपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक इंद्रजीत सिंह, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विवेक विद्यार्थी और सर्वज्ञ विद्यार्थी ने लक्ष्मणझूला स्थित एक कैफे में पत्रकार वार्ता की। इंद्रजीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर सिंगटाली के पास एक बड़े होटल प्रबंधन ने अपने होटल के निर्माण के लिए सैकड़ों हरे भरे पेड़ों को काट दिया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण को भारी क्षति पहुंची है। निदेशक ने आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन ने एनजीटी के नियमों का भी ताक पर रख दिया है। इंद्रजीत सिंह का आरोप है कि होटल प्रबंधन ने स्थानीय ग्रामीणों की भूमि पर भी जबरन कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी प्रशासन और पुलिस कार्रवाई से पल्ला झाड़ रही है। उन्होंने कहा कि मामले में न्यायालय में याचिका दायर करने के बाद प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रशासन ने मामले में जल्द गंभीर कदम नहीं उठाए तो स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।