ऋषिकेश। कोतवाली के आईडीपीएल चौकी अंतर्गत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कार्यरत एक कर्मचारी ने एक युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया है। युवती ने इसकी शिकायत आईडीपीएल चौकी पुलिस को दी। आरोपी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओ में मुकदमा दर्ज कर दिया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना बीते 29 अगस्त की है। युवती ने तहरीर देते हुए बताया कि वह ऋषिकेश क्षेत्र में कई महीने से किराए में रह रही है। बीते 29 अगस्त की रात अंकित देवराड़ी नाम का एक युवक देर रात उसके कमरे के बाहर आया और दरवाजा खटखटाने लगा। जैसे ही युवती ने दरवाजा खोला तो उससे दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा। उसके शोर मचाने पर युवक वहां से भाग गया। 30 अगस्त सुबह युवती ने आईडीपीएल चौकी पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। कोतवाली पुलिस इस ओर छानबीन में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार आरोपी बल्लूपुर देहरादून का है और वह एम्स के तकनीकी अनुभाग में काम करता है।