राजमे की दाल को अच्छा रिस्पांस मिलने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग ने अब सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर काला चना उपलब्ध कराया है। उपभोक्ताओं को प्रति कार्ड दो किलो काला चना दिया जा रहा है। कीमत 60 रुपये प्रति किलो रखी गई है। बाजार से सस्ता होने के कारण उपभोक्ता काला चना खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं, जिससे विभाग खासा उत्साहित है।
खुुले बाजार में दाल की कीमतों में उछाल आने पर आपूर्ति विभाग ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत डोईवाला में राजमा की दाल सरकारी राशन की दुकानों पर उपलब्ध कराई थी। उपभोक्ताओं से अच्छा रिस्पांस मिलने के बाद विभाग ने अब काला चना सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर उपलब्ध कराया है।
विभाग का दावा है कि उत्तराखंड के जैविक किसानों के प्रोत्साहन के उनसे चने की खरीद की गई है। साथ ही यह बाजार से अच्छी गुणवत्ता और कम कीमत पर उपलब्ध है। पूर्ति निरिक्षक विभूति जुयाल ने बताया कि काला चना डोईवाला की 24 दुकानों को उपलब्ध कराया गया है। इसका अच्छा परिणाम सामने आया है।
35 कुंतल काला चला और मंगाया जा रहा है। ताकि डोईवाला की सभी दुकानों पर उपभोक्ताओं को चना मिल सके। डोईवाला विधायक हीरा सिंह बिष्ट और एसडीएम शालिनी नेगी ने विभागीय स्तर पर किए जा रहे ऐसे प्रयासों की प्रशंसा की है।