ऋषिकेश। उप जिला चिकित्सालय में करीब एक माह पर एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध हुई है। स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल को करीब 80 वाइल उपलब्ध हुई हैं, लेकिन यह भी मरीजों के लिए पर्याप्त नहीं है। उप जिला चिकित्सालय में रोजाना 40 से 50 मरीज कुत्ते, बिल्ली, बंदर, चूहा आदि से काटने के आ रहे हैं, इससे मरीजों को फिर परेशानी होगी।
करीब एक माह तक उप जिला चिकित्सालय में एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं होने से मरीज सौ-सौ रुपये आपस में एकत्रित कर निजी मेडिकल स्टोरों से एआरवी ला रहे थे। एक एआरवी वाइल में चार लोगों को इंजेक्शन लगता है। निजी मेडिकल स्टोर में एक वाइल की कीमत करीब 395 रुपये हैं। ऐसे में चार लोग आपस में सौ-सौ रुपये मिलाकर एक वाइल खरीदकर इंजेक्शन लगा रहे थे। करीब एक माह से सरकारी अस्पताल में यही सिलसिला चल रहा था। 13 अप्रैल को उप जिला चिकित्सालय को करीब 80 वाइल ही उपलब्ध हुई हैं। जो पर्याप्त नहीं हैं।
-
एआरवी की कमी प्रदेशभर में चल रही है। फिलहाल अस्पताल को करीब 80 वाइल एआरवी उपलब्ध हुईं हैं। इससे मरीजों को थोड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. आनंद राणा, सीएमएस, ऋषिकेश