चारधाम यात्रा के लिए ट्रांजिट कैंप में शामियाने सजने लगे हैं। परिसर में जर्मन हैंगर लगाने का काम शुरू हो गया है। रंग-रोगन का काम भी आखिरी चरण में पहुंच गया है।
इस साल चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। 18 अप्रैल को ऋषिकेश से चारधाम यात्रा की शुरुआत भव्य कार्यक्रम के साथ होगी। चारधाम यात्रा परिसर में यात्रा प्रशासन की ओर से जर्मन हैंगर लगाने का काम शुरू किया गया है।
पगोड़ा टेंट लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। परिसर में फूल लगाने के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं। ट्रांजिट कैंप परिसर में पानी की टंकियों का रंग-रोगन भी किया गया है।
-
नहीं चल पा रहे हैं सीसीटीवी कैमरे
ट्रांजिट कैंप परिसर में कुल 32 कैमरे लगे हैं, जिनमें 16 नहीं चल पा रहे हैं। यात्रा प्रशासन की ओर से कैमरों की मरम्मत के लिए एजेंसी से कहा गया, लेकिन दो दिन चलने के बाद कैमरे जवाब दे गए। यदि यात्रा के दौरान कैमरे ऐसे ही खराब होते रहे तो ट्रांजिट कैंप के अंदर की मॉनिटरिंग करना मुश्किल होगा।
-
- आज से ट्रांजिट कैंप में खुलेगी डिस्पेंसरी
आज से ट्रांजिट कैंप में डिस्पेंसरी खोली जाएगी। डिस्पेंसरी के प्रभारी विजय गौड़ ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए सोमवार से डिस्पेंसरी खोली जाएगी। दवाइयां मंगा दी गई है। डॉक्टरों की तैनाती भी जल्द हो जाएगी।
-
कोट-
चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। परिसर में टेंट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। परिसर में रंगाई पुताई का काम भी अंतिम चरण में हैं। जल्द ही सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी। - डॉ. पीपी नौटियाल, विशेष कार्याधिकारी चारधाम यात्रा प्रबंधन