देहरादून मणिमाई मंदिर जंगल हाईवे पर हुआ हादसा
- फोटो : amar ujala
देहरादून-डोईवाला के बीच मणिमाई मंदिर के समीप हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक्टिवा सवार युवक और युवती की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दे दी है। मणिमाई मंदिर जंगल हाईवे पर हादसा रविवार दोपहर को हुआ।
घटनाक्रम के अनुसार दोपहर करीब 1:45 बजे के करीब सफेद रंग की एक्टिवा से एक युवक और युवती डोईवाला की ओर से देहरादून जा रहे थे। मणिमाई मंदिर के समीप अज्ञात वाहन ने एक्टिवा में टक्कर मार दी। टककर से एक्टिवा सवार युवक-युवती अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद वाहन दोनों को रौंदते हुए निकल गया।
हादसे मे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट की मोर्चरी में रखवा दिया है। कोतवाल राजेश शाह के अनुसार युवक मनीष तोमर (24) पुत्र अवधेश तोमर निवासी पवन विहार सहारनपुर उत्तर प्रदेश और युवती की क्रिस्टिना ब्रेव पुत्री यूएल ब्रेव निवासी लक्सर हरिद्वार की रहने वाली है।
मनीष देहरादून के एक जिम में ट्रेनर का काम करता था। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है और हादसे से संबधित वाहन की तलाश भी की जा रही है।