ऋषिकेश से डंपर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर बदमाश ने बुधवार तड़के पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जंगलात बैरियर पर मुस्तैद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हरियाणा के नूंह का निवासी है।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे पुलिस वन विभाग के बैरियर के समीप चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रानीपोखरी की ओर से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा।
संदेह होने पर पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए सरकारी वाहन से पीछा शुरू किया। भागने के दौरान कार काली मंदिर से पहले मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पिलर से टकरा गई। इसके बाद चालक कार छोड़कर जंगल की ओर भागा।
पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायर कर दिया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक भट्ट ने बताया कि आरोपी की पहचान इमरान निवासी नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है।
आरोपी से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी इमरान से पूछताछ के आधार पर उसके साथी की गिरफ्तारी व चोरी किए गए डंपर की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ पुलिस पर फायर कर जानलेवा हमला करने सहित अन्य गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
-
वाहन चोरी के लिए रेकी करने आ रहा था आरोपी
प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी ने एक माह पहले अन्य साथी के साथ मिलकर ऋषिकेश क्षेत्र में डंपर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिसे वह मेवात लेकर गया था। आरोपी पुन: वाहन चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए रेकी करने आ रहा था। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपनी गाड़ी में फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।
-
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है आरोपी
आरोपी इमरान मेवाती वाहन चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है। गिरोह पूरे देश में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। इनके गिरोह के सरगना पर 21 से अधिक वाहन चोरी की प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी ने दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में भी वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।