- लंबे समय से फरार चल रहा था घटना में दूसरा नामजद आरोपित, विस्थापित क्षेत्र से दबोचा
ऋषिकेश। बैराज कॉलोनी रोड पर शराब बिक्री की पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर युवक और उसके साथी पर कुल्हाड़ी व पाटल से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे दूसरे नामजद आरोपी जुगल किशोर (52) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे लक्कड़घाट रोड पर शिव मंदिर से करीब 200 मीटर आगे विस्थापित क्षेत्र से दबिश देकर पकड़ा गया। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी संजय टैगोर उर्फ संजीव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, बीते 15 अक्तूबर को आईडीपीएल कॉलोनी निवासी शुभम ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया था कि बैराज कॉलोनी रोड स्थित संजय टैगोर की दुकान पर शराब बिक्री की सूचना पुलिस को देने की बात कहने पर संजय टैगोर, जुगल किशोर और उनके साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने शुभम और उसके साथी को जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी व पाटल से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संजय टैगोर, जुगल किशोर समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी मामले में जुगल किशोर लंबे समय से फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से पुरानी जाटव बस्ती, रेलवे रोड ऋषिकेश का निवासी है और वर्तमान में विस्थापित क्षेत्र में रह रहा था। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।