भरत विहार क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक बेकाबू कार ने ऑटो को टक्कर मारते हुए स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक घायल हो गया। मौके से फरार हो रहे कार चालक को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
रविवार रात करीब नौ बजे हरिद्वार रोड स्थित भरत विहार में एक ऑटो सवारी उतार रहा था। इसी बीच तेजी से एक कार लहराते हुए आई और ऑटो से जा टकराई। गनीमत रही कि तब तक सवारियां ऑटो से उतर चुकी थीं। हादसे में ऑटो चालक बृजेश कुमार (32) पुत्र मूलचंद निवासी सोमेश्वरनगर घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बेकाबू कार ने ऑटो को टक्कर मारने के बाद एक स्कूटी को भी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से स्कूटी सवार दो लोग चोटिल हुए, जिन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि घायल ऑटो चालक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद फरार हो रही कार को भीड़ ने पकड़ लिया और सूचना पर पहुंची चीता पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि कार चला रहा युवक नशे में धुत था। उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।