पेन इंडिया स्कूल के बच्चों ने सोमवार को शैक्षिक सत्र के पहले दिन मतदाता जागरुकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। जागरुकता रैली भानियावाला स्थित विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न क्षेत्रों से होकर निकली। बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर स्लोगन से लोगों को जागरूक किया। रैली को ‘वोट करें, अप्रैल फूल न बने’ नाम दिया गया।
पेन इंडिया फाउंडेशन के संरक्षक डॉ. प्रकाश कैशवय्या ने कहा कि विद्यालय जरूरतमंद निर्धन छात्र छात्राओं को निशुल्क शिक्षित करने के अलावा रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों के जागरूक नागरिक बनाने का प्रयास कर रहा है। फाउंडेशन के अध्यक्ष अनूप रावत ने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव में प्रत्येक व्यक्ति की हिस्सेदारी हो इसके लिए मतदान जागरुकता रैली निकाली गई है। विद्यालय निदेशक संतोष बुडकोटि ने कहा कि जिस तरह से तीज त्योहारों को मनाया जाता है, उसी तर्ज पर चुनाव को मनाना चाहिए। मतदान जागरुकता रैली में बच्चों ने नारे भी बुलंद किए। इस दौरान ऋतु शर्मा, दीपालिका नेगी के अलावा तमाम छात्र छात्राऐं मौजूद रहे।