04 कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ा शराब तस्कर।
- फोटो : RISHIKESH
कोतवाली पुलिस ने विक्रम लोडर में 55 पेटी अंग्रेजी शराब की पकड़ी है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि चुनाव के लिए तस्करी कर शराब को ले जाया जा रहा था। आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
डोईवाला कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस टीमें बराबर गश्त भी कर रही हैं। रविवार को पुलिस टीम दूधली तिराहे डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान देहरादून की ओर से आ रहे एक विक्रम लोडर को रोका गया। वाहन चालक ने पहले तो लोडर में खाने पीने आदि की सामग्री होना बताया। जब पुलिस टीम ने छानबीन की तो उसमें अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी नजर आईं। कोतवाली पुलिस ने आरोपी की पहचान सुमित गुप्ता निवासी सिंघल मंडी कुसुम विहार, देहरादून के रूप में की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयोग किए गए विक्रम लोडर वाहन को सीज कर आरोपी को गिरफ्तार कर दिया है।