ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में नौ मई से होने वाले पांच दिवसीय वार्षिक समारोह पायरेक्सिया की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसके अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम, साहित्यिक गतिविधियां, चित्रकला, खेलकूद आदि प्रतियोगिताएं को शामिल किया गया है। एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कांत ने पायरेक्सिया जैसे विविध कार्यक्रम को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नितांत आवश्यक बताया। उन्होंने बताया कि प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम पायरेक्सिया में विभिन्न मेडिकल कॉलेज, डेंटल, इंजीनियरिंग आदि कॉलेजों के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। साथ ही इस दौरान छात्र छात्राओं की सौ से अधिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, वॉलीबाल, कबड्डी, खो खो, लंबी कूद, रिले रेस, मैराथन आदि आयोजित की जाएंगी। बताया कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में गायन, नृत्य, विभिन्न बैंड व संगीत वाद्य यंत्रों की वादन प्रतियोगिताएं शामिल हैं। 9 मई को प्रथम दिवस डीजे कार्यक्रम, 10 मई को द वाइरल फीवर, बद्री और अरुण कुशवाहा कॉमेडी शो आयोजित किया जाएगा। 11 मई को बॉलीवुड के मशहूर गायक केके का संगीत कार्यक्रम, 12 को द लोकल ट्रेन बैंड की प्रस्तुति होगी। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक समारोह के अंतिम दिन 13 मई को डीजे पेरिशा का कार्यक्रम होगा।