श्यामपुर क्षेत्र में आबकारी विभाग के हत्थे चढ़ा अंग्रेजी शराब तस्कर।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। आबकारी प्रवर्तन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से 49 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। छापेमारी के दौरान एक कार से 20 पेटी अंग्रेजी शराब, जबकि एक व्यक्ति के घर से 29 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शनिवार को मंडल व जनपदीय टीम की ओर से संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा ने बताया कि टीम ने तलाशी के दौरान रेलवे फाटक, श्यामपुर के पास एक ग्रे कलर की मारुति कार की तलाशी ली तो उसकी डिग्गी व पिछली सीट से कुल 20 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद की। जिस पर चालक जिंदर सिंह निवासी बलजीत फार्म, श्यामपुर खदरी, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया। इसके अलावा बलजीत फार्म, श्यामपुर खदरी, ऋषिकेश निवासी धनपाल सिंह नेगी के घर पर दबिश दी गई। तलाशी लेने पर धनपाल के घर से 27 पेटी अंग्रेजी शराब व 02 पेटी बीयर बरामद की गई। टीम में सहायक आबकारी आयुक्त परिवर्तन गढ़वाल मंडल दुर्गेश्वर त्रिपाठी, मनोज कुमार, उप आबकारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश भट्ट, उमराव सिंह राठौर, पान सिंह राणा, प्रधान आबकारी सिपाही प्रताप सिंह कार्की, सिपाही शांतिकांत गुसाईं व लव शर्मा शामिल रहे।