ऋषिकेश। तीर्थनगरी में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुंभ के साथ विंकेड पर यहां उमड़ने वाली भीड़ एक बार फिर से स्थानीय लोगों को डराने लगी है।
बृहस्पतिवार को मुनिकीरेती क्षेत्र में कुल 27 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें से 17 लोग कौड़ियाला स्थित एक नामी होटल के कर्मचारी हैं, जबकि छह यात्री तमिलनाडु, एक यात्री गुजराज और एक यात्री हरियाणा का शामिल है। इन सभी लोगों का बीते 23 मार्च को आरटीपीसीआर सैंपल लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आई है। फकोट ब्लॉक के स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. जगदीशचंद जोशी ने बताया कि कौड़ियाला के होटल में संक्रमित पाए गए 15 लोगों के संदर्भ में जिला प्रशासन टिहरी को सूचित किया जा चुका है। इसके साथ ही जो पर्यटक संक्रमित पाए गए हैं, वह तीर्थनगरी से जा चुके हैं। संबंधित राज्यों को रिपोर्ट भेज दी गई है। कौड़ियाल में एक ही होटल में मिले 17 संक्रमित कर्मचारियों को केलाशगेट स्थित कोविड केयर सेंटर पर भर्ती किए जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए मौके पर संक्रमित कर्मचारियों को लाने के लिए तीन-तीन एंबुलेंस को भेजा गया है। खबर लिख जाने तक यह प्रक्रिया जारी थी। डॉ. जोशी ने एक बार पुन: लोगों को मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की हिदायत दी है।