ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । उपजिलाधिकारी ने रीवर राफ्टिंग रोटेशन व्यवस्था समिति को चारधाम यात्रा के दौरान राफ्टिंग प्वाइंटों पर स्वच्छता का ध्यान रखने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देेश दिए हैं। शुक्रवार को मुनिकीरेती स्थित नगर पालिका सभागार हॉल में उपजिलाधिकारी युक्ता मिश्रा ने राफ्टिंग व्यावसायियों की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने सभी राफ्टिंग व्यावसायियों से आने वाली चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को बनाए रखने की सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी राफ्टिंग व्यावसायी अपने वाहनों को सड़कों के किनारे पार्क नहीं करेगा और राफ्टिंग प्वाइंटों पर ज्यादा भीड़ एकत्रित नहीं करेंगे।
किसी भी राफ्टिंग व्यावसायी की ओर से यातायात व्यवस्था अवरुद्ध होती है तो ऐसे में उसके खिलाफ कार्र्रवाई की जाएगी। राफ्टिंग के दौरान नियमों का विशेष ध्यान रखा जाएगा, नियमों के विपरीत राफ्टिंग संचालन करने पर राफ्ट व्यावसायी के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने राफ्टिंग व्यावसायियों को पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान देने निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी भरत राणा, वन क्षेत्राधिकारी स्पर्श काला, पुलिस क्षेत्राधिकारी उत्तम सिंह जिमवाल, थाना प्रभारी आरके सकलानी, समिति के अध्यक्ष दिनेश भट्ट, अर्जुन पालीवाल, रजनीश आदि मौजूद रहे।