मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करते विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। विस अध्यक्ष ने राज्य में कोविड-19 से प्रभावित पर्यटन और चारधाम यात्रा से संबंधित गतिविधियों से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
विस अध्यक्ष ने कहा कि 200 करोड़ के राहत पैकेज से निश्चित रूप से राज्य में पर्यटन, होटल, परिवहन, पोर्टर समेत पर्यटन की अन्य गतिविधियों से जुड़े व्यावसायियों के साथ ही सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को राहत मिलेगी। तीर्थाटन एवं पर्यटन उत्तराखंड राज्य की आर्थिक रीढ़ है, इस राहत सहायता से राज्य के लगभग लाखों लोगों को उनके बैंक खाते के माध्यम से सीधे राहत मिल सकेगा। कहा उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद अब तक का यह पहला सर्वाधिक राहत पैकेज है। उन्होंने कहा कि चारधाम के कपाट खुले हुए काफी समय हो चुका है। लेकिन चारधाम यात्रा की अनुमति न मिलने से तीर्थाटन से जुड़े लाखों कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस मौके पर मनोज ध्यानी, भोपाल नेगी, यशपाल राणा, मनोहर रौतेला, अनिल वरगली, जगदीश नौटियाल, दिनेश बहुगुणा, योगेश उनियाल, अरुण बडोनी आदि थे।