रायवाला। ऋषिकेश रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण को लेकर शुरू होने वाले सर्वे से पहले रेलवे प्रशासन ने प्रतीतनगर में ट्रैक के किनारे रेलवे की भूमि किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया। जेसीबी से दर्जनों मकानों को जमींदोज कर दिया गया।
रेलवे की टीम प्रतीतनगर ग्राम पंचायत के मुर्गी फार्म क्षेत्र में पहुंची। टीम ने घरों में रह लोगों को जल्द घरों को खाली करने को कहा। रेलवे की ओर से पहले ही इन लोगों को मकान खाली कराने के लिए नोटिस दिया जा चुका था। टीम के पहुंचते ही लोगों ने अपने मकानों से सामान निकालना शुरू किया। लोगों की ओर से मकान खाली करने के बाद रेलवे की ओर से कई कच्चे और पक्के मकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। उसके बाद लोग खिड़की, दरवाजे, टिन एकत्रित करते दिखे। भारी पुलिस और आरपीएफ के जवानों के सामने कोई विरोध नहीं कर पाया। दोपहर तक कार्रवाई चलती रही। कार्रवाई के दौरान महावीर सिंह नेगी, एसआई गायत्री देवी सहित भारी पुलिस बल मौजूद था।
इधर झमाझम बारिश, उधर टूटता रहा आशियाना
जब आरपीएफ और पुलिस की टीम प्रतीतनगर में रेलवे लाइन के किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची तो उस समय बारिश नहीं हो रही थी, जैसे ही टीम ने जेसीबी से कच्चे पक्के मकान तोड़ने शुरु किए, वैसे ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान लोग भीगते-भीगते अपने घर सामान एकत्रित करते रहे। कुछ लोग सामान सहित पन्नी के नीचे बैठे, तो कुछ बारिश में ही खड़े रहे।
कोट,,,,,,,
ऋषिकेश ट्रैक के दोहरीकरण को लेकर ट्रैक के दोनों ओर की भूमि से अतिक्रमण हटाया जाना है। कुछ परिवारों को नोटिस दिए गए थे, उन पर कार्रवाई की गई है। ट्रैक की दूसरी तरफ भी कुछ परिवारों को नोटिस दिया जाएगा। वहां पर बने कच्चे पक्के मकान ध्वस्त किए जाएंगे।
पंकज शर्मा, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (वर्क) हरिद्वार
रेलवे के अधिकारियों को निर्माण से संबंधित जानकारी देते ग्रामीण।- फोटो : RISHIKESH
प्रतीतनगर रायवाला में रेलवे लाइन के किनारे बने मकानों को तोड़ती जेसीबी मशीन।- फोटो : RISHIKESH
रायवाला के प्रतीतनगर में अतिक्रमण के दौरान सड़क पर रखा सामान।- फोटो : RISHIKESH
रायवाला में रेलवे पटरी किनारे से अतिक्रमण हटाने केज दौरान सामान समेटते लोग।- फोटो : RISHIKESH