ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। सीबीएसई 12वीं की बोर्ड परीक्षा में देश में दूसरा स्थान और प्रदेश में टॉप करने वाली छात्रा गौरांगी चावला को बधाई देने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उनके घर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने गौरांगी के पिता अनिल चावला को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। उन्होंनेे गौरांगी को बधाई देते हुए कहा कि गौरांगी ने देश में उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। वह पूूरे उत्तराखंड की बेटी है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत करीब साढ़े 11 बजे निजी दौरे पर एम्स पहुंचे। यहां एम्स निदेशक प्रो. रविकांत, चिकित्साधीक्षक डॉ. ब्रह्मा प्रकाश, प्रो. बृजेंद्र सिंह ने सीएम का स्वागत किया। यहां सीएम ने विभिन्न विभागों का दौरा भी किया। इसके बाद निदेशक ने भावी योजनाओं और मौजूदा सुविधाओं के बारे में अवगत कराया। एम्स के बाद करीब साढ़े 12 बजे मुख्यमंत्री पत्नी और बेटी के साथ चंद्रेश्वर नगर स्थित गौरांगी चावला के घर पहुंचे। सीएम को देख परिवार के सभी सदस्य खुशी से झूम उठे।
सीएम को घर पर देख भावुक हुई दादी
मुख्यमंत्री की अगवानी और स्वागत के लिए परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा रहा था। इस दौरान सबसे उत्सुक गौरांगी की दादी दिखीं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उनकी खुशी देखते ही बन रही थी। हाथों में अखबार लिए वह मुख्यमंत्री का इंतजार करती दिखीं। मुख्यमंत्री के आने की सूचना पाते ही गौरांगी की दादी दर्शना देवी की खुशी से झूम उठीं। सीएम के पहुंचते ही वह बेतहाशा उठीं और सीएम जिंदाबाद के नारे लगाकर उनके गले लग गईं। दर्शना देवी के आंखों से खुशी के आंसू छलक रहे थे। वह बोलीं कि आज तक मुख्यमंत्री को सिर्फ टेलीविजन पर ही देखा था, लेकिन आज सामने देख रहीं हूं। इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गौरांगी को मिठाई भी खिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेने के लिए परिवार के सदस्यों की भीड़ लगी रही। इस मौके पर मेयर अनिता ममगाईं, राज्य आंदोलनकारी उषा रावत आदि उपस्थित रहे।