ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
विकास कार्यों में अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विकास कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएंगे। यह बात विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को छिद्दरवाला में आयोजित जनसभा में कही। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये व 30 स्ट्रीट लाइटें लगवाने की घोषणा भी की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। मोटर मार्ग, विद्युत व्यवस्था व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित करने के लिए नियमित कार्य किए जा रहे हैं। विकास कार्यों में अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था की समस्या को लेकर अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के आदेश दिए। पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी ने सभी ग्रामीणों की ओर से विधानसभा अध्यक्ष का क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैप्टन एसपी राय, शिव सिंह भंडारी, ज्ञान सिंह कश्यप, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनीता राणा, भगत सिंह भंडारी, भूपेंद्र सिंह रावत, सोहन सिंह कैंतुरा, हरदीप सैनी, पान सिंह राणा, रोशन कुड़ियाल, समा पवार, चंद्र सिंह रागढ़, गजेंद्र विक्रम शाही आदि मौजूद रहे।