ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
अपर गंगा नगर में बुधवार दोपहर बंद घर में अचानक गैस सिलिंडर के विस्फोट में घर के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। स्थानीय लोगों ने घर में रखा दूसरा सिलिंडर और जरूरी सामान बाहर निकालकर आग बुझाई। सिलिंडर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
अपर गंगा नगर चामुंडा मंदिर के समीप एक बंद घर में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक जोरदार विस्फोट से अफरातफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए तो देखा कि पड़ोस का एक घर बुरी तरह तितरबितर हो चुका था। स्थानीय लोगों ने आननफानन घर के अंदर रखे दूसरे गैस सिलिंडर और अन्य सामान बाहर निकाला। इसके बाद लोगों ने चामुंडा मंदिर पर लगे हैंडपंप से पानी निकालकर आग बुझानी शुरू की और फायर बिग्रेड व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर कर्मी और पुलिस टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारण की कोई जानकारी नहीं लग पाई है।
जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त भवन स्वामी विनोद पुत्र स्व. त्रिमल सिंह ड्यूटी पर गए हुए थे। विनोद वाहन चालक की नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी रानी सिलाई सीखने और मां छोटी भी घरेलू काम से बाहर गई थीं। विनोद के तीनों बच्चे मोनिका, खुशी और हर्ष स्कूल गए थे। घर के बाहर ताला लगा हुआ था। विनोद ने बताया कि आग की घटना में घर, कपड़े, टेलीविजन, बर्तन, दो कूलर, दो सिलाई मशीनें, वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, बर्तन, आलमारी, बेड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए हैं।
पीड़ित परिवार की मदद को सामने आई संस्था
आग की घटना में बेघर हुए परिवार की मदद को भारतीय नारी स्वाभिमान संस्था सामने आई है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार के लिए हर संभव मदद की जाएगी। फिलहाल पीड़ित परिवार को चामुंडा देवी मंदिर में अस्थाई निवास का बंदोबस्त किया गया है।
---
गैस सिलिंडर फटने की आवाज श्री भरत मंदिर स्कूल तक आई। मैं उस समय स्कूल में पढ़ा रहा था। चूंकि मेरा आवास अपर गंगा नगर क्षेत्र में ही है। आवाज सुनकर दुर्घटना की आशंका में घटनास्थल की ओर गया तो देखा आग की लपटें उठ रही थीं। इसके बाद आननफानन घर में रखे कुछ दस्तावेज सुरक्षित निकाल लाया।
-रंजन अंथवाल, स्थानीय निवासी
---
सिलिंडर फटनेे के समय मैं घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर थी। यह भयावह मंजर देखकर आसपास से लोग भी इकट्ठा हो गए थे। सभी ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने के लिए पानी का छिड़काव किया। समय रहते घर के अंदर रखा दूसरा सिलिंडर बाहर निकाल लिया गया था।
-राधा रमोला, पार्षद
---
आग लगने के बाद आसपास क्षेत्र के सभी लोग अपने-अपने घरों से पानी से भरी बाल्टियां लेकर पहुंचे। कुछ लोगों ने चामुंडा मंदिर में लगे हैंडपंप से ही पानी निकालना शुरू किया और आग पर काबू पाने की कोशिश की। फिलहाल आग पर काबू पाने से पहले अधिकांश सामान राख हो चुका था।
-सीमा खुराना, स्थानीय निवासी
---
घटना के दौरान मैं अपर गंगानगर क्षेत्र में ही था। स्थानीय लोगों की सहायता से घटनास्थल से सटे अन्य घरों से सामान बाहर निकाला गया। समय रहते पुलिस तथा फायर बिग्रेड की टीम भी पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पा लिया गया।
- शिवकुमार गौतम, पार्षद