ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
कोतवाली पुलिस ने नगर क्षेत्र में शराब तथा नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान चला पांच महिला गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं के पास से देसी शराब के 50-50 पव्वे बरामद हुए हैं। सभी महिलाएं पूर्व में भी शराब तस्करी में जेल जा चुकी हैं।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इन दिनों क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने बुधवार को जयराम आश्रम तिराहे पर पांच संदिग्ध महिलाओं को रोका और तलाशी में प्रत्येक महिला के पास से देसी शराब के 50-50 पव्वे बरामद हुए। महिलाओं की पहचान गुजरी पत्नी पातिलाल, ममता पत्नी स्व. संजय साहनी, सुनैना पत्नी दसई साहनी, शारदा पत्नी स्व. ननकी साहनी, शिवकुमारी पत्नी मोजे साहनी सभी निवासीगण झुग्गी झोपड़ी मायाकुंड ऋषिकेश के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाल रितेश शाह के अनुसार पकड़ी गई सभी महिलाएं पहले भी कई बार अलग-अलग थाना क्षेत्रों से शराब तस्करी में जेल जा चुकी हैं।