ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच व उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति सरकार के रवैये के खिलाफ 22 जून को देहरादून स्थित गांधी पार्क में धरना देगी। इस दौरान पूरे प्रदेश के राज्य आंदोलनकारी धरने में शामिल होंगे। मंगलवार को चार धाम यात्रा बस अड्डे पर मंच की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रदेश संगठन के आह्वान पर राज्य सरकार के खिलाफ धरना दिया जाएगा।
इस दौरान सरकार से सशक्त लोकायुक्त की नियुक्ति, राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, मुजफ्फरनगर के दोषियों को सजा दिलाने, गैरसैंण राजधानी घोषित करने, राज्य आंदोलनकारियों की चिह्नीकरण की मांग पूरी करने, एक समान पेंशन व राज्य निर्माण सेनानी घोषित करने और प्रदेश का परिसीमन क्षेत्रफल के आधार पर करने की मांग रखी जाएगी। इस अवसर पर विक्रम भंडारी, डीएस गुसांई, रूकम पोखरियाल, कर्ण सिंह पंवार, मनीषा वर्मा, बलवीर नेगी, युद्धवीर चौहान, अरुण पंवार, सरोजनी थपलियाल, बीना बहुगुणा, मुन्नी ध्यानी, जया डोभाल आदि मौजूद थे।