ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। चौदह बीघा क्षेत्र में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने को स्थानीय लोगों ने मुनिकीरेती थानाध्यक्ष से गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि चौदह बीघा में बाहरी वाहनों का प्रवेश होने के कारण आए दिन जाम जैसी समस्याएं पैदा हो रही है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चौदह बीघा निवासी युगल ध्यानी ने बताया कि लक्ष्मणझूला हाईवे से ओकांरानंद और चुुंगी से आईएसबीटी को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर बेतरतीब तरीके से बाहरी वाहन प्रवेश करते हैं।
इन वाहनों के कारण यहां पर आए दिन जाम जैसी भयानक समस्या पैदा हो रही है। कई बुजुर्ग और बच्चे इन वाहनों की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। कई बार बाहरी लोगों के द्वारा स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा चुका है। बताया कि मुनिकीरेती थाना प्रभारी आरके सकलानी को ज्ञापन सौंपकर चौदह बीघा रूट पर बाहरी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में हरेंद्र सिंह, सूरज, सतीश, देवेंद्र सिंह, अंकित उनियाल, रमेेश कुमार आदि मौजूद थे।