ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। अग्निशमन विभाग की ओर से प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। इस दौरान छह प्रतिष्ठान ऐसे पाए गए, जिनके यहां आग से निपटने के लिए कोई उपकरण नहीं मिले। विभाग ने ऐसे छह प्रतिष्ठानों को नोटिस थमाया है। साथ ही जल्द ही उपकरण रखने की सख्त हिदायत भी दी है।
बुधवार को अग्नि शमन अधिकारी (एफएसओ ) अर्जुन सिंह रांगड़ ने तीर्थनगरी के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों पर अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच की। इस दौरान छह प्रतिष्ठान आईडीपीएल स्थित लक्ष्मी नारायण स्वीट शॉप, बैराज रोड स्थित होटल कैलाश गंगा, क्षेत्र रोड स्थित सिंधी स्वीट शॉप, हरिद्वार रोड स्थित चावला स्वीट शॉप, कृष्णा स्वीट शॉप, राजस्थानी मिष्ठान भंडार में अग्नि सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं मिले। एफएसओ अर्जुन सिंह रांगड़ ने सभी को सख्त हिदायत देकर नोटिस थमाए। साथ ही शीघ्र प्रतिष्ठानों पर अग्नि सुरक्षा उपकरण रखने को कहा।