ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला।
छिद्दरवाला के जोगीवालामाफी निवासी पूर्व सैनिक सोबन सिंह कैंतुरा ने अपनी बेटी की शादी बिना कॉकटेल पार्टी के किया। यही नहीं उन्होंने शराब की फिजुलखर्ची से बचाई 21 हजार रुपये की रकम अपनी पुत्री और दामाद के हाथों एक गरीब परिवार को सौंपी। उन्होंनेे बताया कि गांव के एक आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवार के घर में इसी माह बेटी का विवाह कार्यक्रम की जानकारी मिली। उनके घर में शौचालय नहीं था। इसके समाधान के लिए उन्होंने तत्काल शराब की फिजुलखर्ची से बचाई गई 21 हजार की रकम का चेक अपनी पुत्री और दामाद के हाथों मंगलवार को गरीब परिवार को सौंप दिया।
इससे पूर्व भी पूर्व सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से अपनी शादी की 25वीं वर्षगाठ पर गांव के गरीब पांच परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए 51 हजार की मदद भेंट कर चुके हैं। इस संबंध में पूर्व सैनिक सोबन सिंह का कहना है कि समाज में शराब परोसने की कुप्रथा का अंत कर सामाजिक सहयोग की प्रथा को आगे बढ़ाना होगा।