ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। लच्छीवाला स्थित मॉडल स्कूल में बालश्रम की जांच अब कोतवाली के उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह करेंगे। मिस्सरवाला निवासी राजेश द्विवेदी ने लच्छीवाला मॉडल स्कूल में बच्चों से साफ सफाई कराने और बालश्रम की शिकायत जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन, शिक्षा विभाग सहित बाल संरक्षण आयोग से की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, बेसिक आरएस रावत विद्यालय पहुंचकर जांच कर चुके हैं। विद्यालय स्तर से भी जवाब मांगा गया है।
इसी क्रम में शिकायतकर्ता राजेश द्विवेदी की ओर से जिलाधिकारी को दिए गए लिखित शिकायतीपत्र का संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस को अलग से जांच आख्या भेजने के निर्देश दिए हैं। बतौर जांच अधिकारी कोतवाली के उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से पुलिस को मामले में शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। प्रथम दृष्टया मामले की विभागीय जांच का संज्ञान लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभागीय जांच में जिन बिंदुओं को उठाया गया है उसी को आधार बनाकर पुन: विवेचना की जाएगी। जल्द ही जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी जाएगी।