ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। राफ्टिंग कंपनियों के वाहन अब शिवानंद मार्ग से भी गुजर सकेंगे। शनिवार को पुलिस ने इस रास्ते पर राफ्टिंग वाहनों के आवागमन का सफल ट्रॉयल भी कर लिया है। इससे जाम से छुटकारा मिल सकेगा। वीकेंड के दिनों में पर्यटकों की आमद बढ़ने और अधिकतर पर्यटकों को राफ्टिंग न कराए जाने से चिंतित राफ्टिंग व्यावसायियों ने बाईपास मार्ग की जगह शिवानंद मार्ग से राफ्टिंग संचालन का निर्णय लिया था। जिसकी इजाजत के लिए थानाध्यक्ष मुनिकीरेती आरके सकलानी से भी गुहार लगाई गई थी।
राफ्टिंग व्यावसायियों का कहना था कि मुनिकीरेती और खाराश्रोत से जाने वाले राफ्टिंग वाहनों को बाईपास मार्ग से न भेजकर शिवानंद मार्ग से भेजा जाए, लेकिन नियमों का उल्लंघन और जाम जैसी समस्या से अवगत कराते हुए थानाध्यक्ष ने शिवानंद मार्ग से राफ्टिंग वाहनों के संचालन के लिए मना कर दिया था। इसके बीते शुक्रवार को राफ्टिंग व्यावसायियों का एक दल थाना प्रभारी आरके सकलानी से इस संबंध में वार्ता करने कोतवाली पहुंचे। जिसमें राफ्टिंग व्यापारियों के अनुरोध पर शनिवार को शिवानंद मार्ग में राफ्टिंग वाहनों का आवागमन कर ट्रॉयल लिया गया। राफ्टिंग व्यावसायियों के अनुसार ट्रॉयल को सफल माना जा रहा है।
कोट्स
शनिवार को शिवानंद मार्ग पर राफ्टिंग कंपनियों के आवागमन के ट्रॉयल मेें कहीं पर भी जाम जैसी समस्या पैदा नहीं हुई है। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ वार्ता करने के बाद शिवानंद मार्ग पर राफ्टिंग वाहनों को आवागमन के लिए परमिशन दी जा सकेगी।
- आरके सकलानी, थानाध्यक्ष मुनिकीरेती
शनिवार को शिवानंद मार्ग में राफ्टिंग वाहनों का ट्रॉयल सफल रहा। स्वयं रोटेशन के पदाधिकारी भी चौराहे पर मुस्तैद रहे। कहीं पर भी जाम जैसी समस्या नहीं हुई। तिमलुपानी के समीप भूस्खलन होने से कुछ घंटे यातायात जरूर बाधित रहा।
- दिनेश भट्ट, अध्यक्ष राफ्टिंग रोटेशन समिति